टीम इंडिया का असली पर्वतारोहण शनिवार से
कागज़ पर टाइगर की छपी फोटो को हम पेपर टाइगर नहीं कहते. परन्तु शेर की खाल में लुगदी भर कर ढांचा खड़ा कर दिया जाए तो उसे '' कागजी शेर'' कहा जाएगा. एक और मुहावरा हमें याद आ रहा है, '' उस्ताद की मार अंतिम रात में.'' ये दोनों मुहावरे पता नहीं क्यों टीम इंडिया के साथ फिफ्टी -फिफ्टी सही बैठ रहे हैं. धौनी के हम सफ़र कुछ चस्का तो कुछ मस्का हैं. बांग्लादेश और इंग्लैण्ड के खिलाफ उनकी औकात का अस्सी प्रतिशत प्रदर्शन देखने को मिला था. वहीं आयरलैंड और हालैंडकेखिलाफ ऐसा लगा मानों टीम इंडिया राष्ट्रीय एक दिनी चैम्पियनशिपके मैच खेल रही हो. यानी पहले दो मुकाबलों में शेर तस्वीर में रहे और अंतिम दोनों में वे कागजी नज़र आये. ''हाथ का पंजा मत खोलो'', न जाने किसने उन्हें ये सलाह दी कि अंतिम दौर में हम ग्यारहों को एकजुट खेलना है और फिलहाल ''हम पांच''से ही काम चलाओ. ऐसा इसलिए सोच रहा हूँ कि पिछले चार मैचों में तीन शतक आये (सहवाग, विराट और सचिन) , जिनमे दो बांग्लादेश के खिलाफ आये थे. हमारे पास सात बल्लेबाज हैं, जिनमे कभी दो और अधिकतम तीन ही एक मुकाबले में अपनी शोहरत दिखा सके हैं. हमें शतक नहीं चाहिए, हमें तो पहले पांच से प्रति गेंद रन के औसत से कुल 250 का स्कोर चाहिए. छठे और सातवें बल्लेबाज से २० गेंदों में 30 रनों की जरूरत है. आंकड़ा जोड़ने पर कुल रनसंख्या साढ़े तीन सौ के आसपास बैठती है. मगर बल्लेबाज एक साथ अभी तक खेलते नहीं दिखे. यही स्थिति गेंदबाजों की भी है. हमें तीन प्रमुख गेंदबाजों से उम्मीद थी कि वे औसत पचास रन ही देंगे , चौथा गेंदबाज पिट कर सत्तर रन दे और बचे दो अंशकालिक गेंबाज पांच-पांच ओवरों में 40-40 यानी 80 रन भी लुटाएं तो दिए गए कुल रनों की संख्या बदतर हालत में भी 300 से ऊपर नहीं जायेगी.
हमने सोचा था कि पहले बल्लेबाजी करने पर लक्ष्य की सोच यही होगी और फील्डिंग करने की स्थिति में मशक्कत करके हम 40 से 50 रन कम लुटाएंगें.
ये समस्त समीकरण अभी तक हूबहू यथार्थ में देखने को नहीं मिले हैं. कहीं न कहीं भारतीयों के साथ , '' हमसे आया न गया, तुमसे बुलाया न गया'' जुड़ा रहा.
खैर, कमोबेस यही स्थिति दक्षिण अफ्रीकियों की भी है. विश्व कप में चोकर्स की प्रेत बाधा का टैग लिए उतरी स्मिथ की टीम ने पिछले दिनों भारत के खिलाफ अपने घर में जिस तरह से एक दिनी सीरीज खेली थी, वो जीवट अभी तक उनसे दूर है यहाँ. मानों विमान यात्रा करते समय जीवटता का वो बैगेज उनके साथ चला तो जरूर मगर उतरा नहीं.
इन प्रचंड विषमताओं के साथ भारत-दक्षिण अफ्रीका नागपुर में शनिवार को आमने-सामने होंगें. अपराह्न दो बजे सिक्के के जरिये शेर-बकरी तय होगा. मैनें हेड-टेल इसलिए नहीं लिखा कि उससे बात बन नहीं रही है. हेड यानी शेर की स्थिति में टास का विजेता सही मायने में शेर होगा क्योंकि वह पहले बल्लेबाजी करेगा. और, पहले गेंदबाजी करने वाली टीम जब बल्लेबाजी के लिए उतरेगी तब कहीं ओस, दूधिया प्रकाश, पिच के पाटापन और उसकी उछल में कमी .कुल मिला कर हालात में भारी फर्क मिलेगा. यहाँ तक तो ठीक है कि पौरुष के साथ-साथ भाग्य भी काम करने लगेगा. लेकिन इसमें एक''परन्तु'' भी है और वो है कि टास हारने के बावजूद भारत सही गेंदबाजों के चयन के साथ ही फील्ड के मुताबिक गेंदबाजी करे तो अफ्रीकी 300 का स्कोर पार नहीं कर पायेंगे और तब यदि सलामी जोड़ी चार-पांच के औसत से भी 20 ओवर तक टिक जाए तो शेष ओवरों में रन गति इच्छानुसार होगी.
हम जानते हैं कि न तो ऐसी बल्लेबाजी होनी है और न ही वैसी गेंदबाजी. हाँ, ये ''क्रिकेट शास्त्र'' का सिद्धांत पक्ष जरूर है. लेकिन प्रश्न तो ये है कि क्या वर्तमान क्रिकेट महा कुम्भ में वाकई क्रिकेट हो रही है ? इधर पिछले कुछ अर्से से टीम इंडिया में जिस तरह से बिजारे फैसले लिए जा रहे हैं, वे क्रिकेट के स्थान पर गंवई लोक शैली के निर्णय ज्यादा लगते रहे हैं. धौनी या उनकी टीम का थिंक टैंक किन ख्यालों में खोया है, ये तो राम ही जानें मगर उसके चलते परिणाम ''रामजना''जरूर हो जा रहे हैं.
अब तक तो टीम इंडिया पर्वतारोहण के बेस कैम्प में ही समय बिता रही थी. शनिवार से उसे सही मायने में चढ़ाई शुरू करनी है और अगर सफ़र डगर पर रहा तो शिखर भी मिल जायेगा, अन्यथा नसीब में सिर्फ सिफ़र होगा.

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें