सीएमओ डॉ. वीपी सिंह एवं डा0 बिनोद आर्या की बहुचर्चित हत्या के आरोप में जेल में बंद मुख्य आरोपी डॉ. योगेंद्र सिंह सचान की हत्या के बाद जहां तरह - तरह के सवाल आम आदमी के जेहन में तैर रहे हैं वहीं डा0 सचान के परिवार में बराबर मातम पसरा है परिवार वालों का मानना है कि बेवजह उन्हे बलि का बकरा बनाया गया। अब सवाल यह उठता है कि क्या वास्तव मे डॉ. सचान को बलि का बकरा बनाया गया काफी हद तक शव का पोस्टमार्टम होने के बाद पुलिस का यह दावा कि डा0 सचान ने आत्महत्या की काफी कमजोर ही नही बल्कि पूरी तरह झूठा पड़ता दिख रहा है, कहा गया था कि डॉ. सचान ने बेल्ट से खुदकुशी की थी। पीएम रिपोर्ट आने के बाद से अब यह बात साफ होती नजर आ रही है कि उनकी मौत बेल्ट से नहीं, बल्कि ज्यादा खून रिसने से हुई है यही नही उनके बदन पर आठ चोटें धारदार हथियार से होना भी पाया गया है ऐसे में डा0 सचान की मौत पर सवाल उठना स्वाभाविक है आखिर क्या राज खोलने वाले थे डॉ. सचान? कोर्ट में रिमांड के लिए दी गई अर्जी के बाद क्यों किया गया डॉ. सचान का कत्ल? क्यों दी गई उनकी पत्नी को केस में पैरवी न करने की धमकी? सचान के मुंह खोलने से किन-किन लोगों की गर्दन फंसने वाली थी? आखिर कौन है इन सब मामलों का मास्टर माइंड ?,क्या बेनकाब हो सकेगा उसका चेहरा ? इस काण्ड से जुड़े ये ऐसे सवाल है जिनका उत्तर डा0 सचान के परिवारीजन ही नहीं बल्कि आम नागरिक जानना चाहता है । परिवार कल्याण विभाग के दो सीएमओ की हत्या के बाद जिस तरह के घटनाक्रम सामने आए और मुख्यमंत्री के बेहद करीबी दो कैबिनेट मंत्रियों का आनन-फानन इस्तीफा दिलवाया गया उससे कहीं न कहीं सफेदपोशों पर उंगली उठ रही है। लोग यह कयास भी लगा रहें है कि कहीं रिमांड पर आने के बाद डॉक्टर सचान सफेदपोशों के इशारों पर हो रहे उन घपलों का पर्दाफाश करने वाले तो नहीं थे?
मालूम हो कि गत 23 जून को डॉक्टर सचान को कोर्ट में पेश होना था। जहां से पुलिस उनसे पूछताछ के लिए रिमांड की मांग कोर्ट से करती, लेकिन कोर्ट में पेशी से पहले ही 22 जून बुधवार को ही डॉ. सचान की जेल में संदिग्ध मौत की खबर आ गई । प्रदेश की अतिसंवेदनशील लखनऊ जिला जेल में दो सीएमओ हत्याकांड के मुख्य आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत को जेल प्रशासन के अधिकारियों ने आत्महत्या बताकर पल्ला झाड़ने का प्रयास किया। बताया जाता है कि जेल प्रशासन के अधिकारियों ने डा0 सचान को जेल अस्पताल में भर्ती कर रखा था जेल अस्पताल प्रशासन ने दिन की गणना के वक्त सचान को खोजने के बजाए औपचारिक कार्रवाई ही की, जेल बंद होने के समय जब गणना नहीं मिली तो उनकी खोजबीन शुरू की गई तो जेल अस्पताल के ऊपर निर्माणाधीन बैरक के शौचालय मे लहूलूहान हालत मे बेल्ट के सहारे सचान का शव लटक रहा था। कारागार मुख्यालय ने जेल में डॉ. वाईएस सचान की आत्महत्या के मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए गए जेलर जेपी श्रीवास्तव, डिप्टी जेलर सुनील सिंह, बंदीरक्षक अनिल त्रिपाठी, रामनारायण तिवारी एवं बाबू राम दूबे व एक अन्य को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया ।
ओर तो और डा0 सचान के परिवारी जनो के मुताबिक कुछ दिनो पूर्व ही डॉ. वाईएस सचान की पत्नी डॉ. मालती को फोन पर किसी अनजान शख्स ने धमकाया भी था फोन पर कहा गया था कि मामले को आगे न बढ़ाओ वरना अच्छा नहीं होगा। डॉ. मालती ने धमकी भरे फोन आने की सूचना स्वास्थ्य विभाग और पुलिस महकमे को भी दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अगर धमकी को गंभीरता से लिया गया होता तो हो सकता है उनके पति की जेल में बेरहमी से हत्या नहीं होती इसका खुलासा डा0 सचान की पत्नी मालती ने रोते-बिलखते हुए किया। उन्होंने रोते हुए कहा कि अगर प्रशासन धमकियों को गंभीरता से लेता और जांच पड़ताल की जाती तो डॉ. सचान जिंदा होते। डॉ. सचान के भाई डॉ. आरके सचान ने बताया कि उनकी भाभी के पास करीब बीस दिन पहले रात के समय एक फोन आया। फोन पर एक शख्स ने कहा कि अपने परिवार के सदस्यों की जिदंगी प्यारी है तो इस मामले को आगे मत बढ़ाओ। ज्ञात हो कि डा0 सचान की पत्नी डॉ. मालती राजाजीपुरम स्थित रानी लक्ष्मी बाई संयुक्त चिकित्साल में स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं और धमकी मिलने के बाद वह अस्पताल कम जा रही थीं सोमवार से वह छुट्टी पर थीं।
वैसे भी प्रदेष की जेलों में संदिग्ध परिस्थितियों में हाई प्रोफाइल मामलों के अभियुक्तों में डा0 सचान काण्ड कोई अकेला काण्ड नहीं है इससे पहले भी करोड़ों रुपए के पीएफ घोटाले का मास्टरमाइंड आशुतोष अस्थाना जो गाजियाबाद सिविल कोर्ट का नाजिर था, डासना जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के गाल में समा चुका है। अस्थाना के कलमबंद बयान में अधीनस्थ न्यायपालिका के साथ ही इलाहाबाद हाईकोर्ट के कई न्यायाधीशों और सुप्रीम कोर्ट के एक न्यायाधीश पर घोटाले की रकम में हिस्सेदारी का आरोप लगा था और इस मामले की सीबीआई जांच भी हुई और कई माननीयों को क्लीन चिट भी मिली, लेकिन कई माननीयों के नाम गाजियाबाद के सीबीआई कोर्ट में ‘हाजिर हो’ की आवाज से गूंजते हैं। जेल में ही चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ की रीडर कविता चौधरी हत्याकांड के मुख्य आरोपी रवींद्र प्रधान की भी संदिग्ध हालत में मौत हो चुकी है। बताते चलें कि कविता चौधरी जनवरी 2006 में बुलंदशहर से आ रही थीं घर नहीं पहुंचने पर उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला। बाद में पुलिस जांच से पता चला कि उनकी हत्या कर दी गई है। इस मामले में कई बड़े लोगों के शामिल होने की बात सामने आने पर शहर में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने इस केस में मुख्य आरोपी बुलंदशहर के रवींद्र प्रधान को 6 फरवरी 2007 को गिरफ्तार कर लिया था तब से वह डसना जेल में बंद था। इसी तरह फंट्रियर मेल ट्रेन में बम विस्फोट के आरोपी शकील की 19 जून 2009 को जेल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी। जेल प्रशासन ने मौत का कारण आत्महत्या बताया था पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था इसके बाद जिला प्रशासन ने उसका बिसरा जांच के लिए आगरा भेज दिया था जांच में पता चला कि जहर खाने से शकील की मौत हुई थी उसकी मौत की जुडीशियल जांच एसीजेएम सेकेंड को सौंपी गई थी। जांच रिपोर्ट में एसीजेएम ने मौत को खुदकुशी मानने से इनकार कर दिया और इसके लिए जेल प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि शकील डासना जेल की हाई सिक्योरिटी जोन में बंद था ऐसे में बिना जेल कर्मचारियों के सहयोग के शकील तक जहर का पहुंचाना मुमकिन नहीं था। इसलिए जेल प्रशासन शकील की मौत के लिए जिम्मेदार है। कुल मिलाकर हमारे प्रदेश की पुलिस हिरासत में हुई मौतों को ‘आत्महत्या’ का रुप देने में महारत हासिल किये है ये जब पाजामे के नाड़े और लॉकअप में लगे बल्ब से फांसी लगवा सकती है तो फिर परिवार कल्याण के दो सीएमओ की हत्या के आरोप में जेल में बंद डिप्टी सीएमओ डॉ. योगेंद्र सिंह सचान को यदि पैंट के बेल्ट से फांसी लगवा रही है तो फिर इसमें आश्चर्य काहे का। हां, भविष्य में मोजे और रुमाल से फांसी लगवा दे तो भी कोई ताज्जुब की बात नहीं वैसे डा0 सचान की पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस और जेल प्रशासन के ‘सच’ की कलई खोलकर रख दी है। डॉ. सचान का पोस्टमार्टम छह डॉक्टरों की टीम ने किया है। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों को सचान के शरीर पर 9 जगह चोट के निशान मिले हैं। कई जगहों पर नसें कटी हुई हैं जिससे स्पष्ट है कि डॉ. सचान की मौत बेल्ट का फंदा लगाकर नहीं हुई है इसमें कीेई दो राय नही मायावती सरकार के चार साल के कार्यकाल में जान लेने और देने का खेल खूब चला। डॉक्टर तथा इंजीनियर अगर गोलियों का निशाना बने तो आईएएस और पीसीएस जान देने को मजबूर हुए। मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी को ही सीएम आवास के पास गोलियों से भून दिया गया , माया की सरकार में ही उनके मंत्री पर इलाहाबाद में जानलेवा हमला हुआ। कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरूस्त रखना
सरकार की पहली प्राथमिकता है। मायावती के चार साल से ज्यादा के कार्यकाल में तीन सीएमओ और दो डॉक्टरों की हत्या के बाद एक डिप्टी सीएमओ की 22 जून को जेल में मौत , 23 दिसंबर 2008 को औरैया में इंजीनियर मनोज गुप्ता की हत्या ,22 जून को ही गोरखपुर में एक पुलिस कांस्टेबल की हत्या , राजधानी में ही गाजीपुर थाने के एक सिपाही की दिन दहाड हत्या, तथा उत्तेजित भीड़ द्वारा एक चौकी इंचार्ज को पीट-पीट कर मार डालाजाना आदि घटनाये वर्तमान सरकार के क्रियाकलापों एवं अपराधमुक्त नारे की पोल को खोल रही है ।ष्

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें