अंगरेजी दैनिक अखबार इंडियन एक्सप्रेस के हवाले से अन्ना दल की सदस्य किरण बेदी पर संस्थाओं की ओर से निमंत्रण पर ज्यादा किराया वसूलने की खबर पर आज जवाब देते हुए किरण बेदी ने कहा कि बिजनेस क्लास का किराया लेकर मैंने इकॉनामी क्लास में सफर किया तो मैंने अपना पैसा बचाया. इस बचाये पैसे को दूसरे जरूरी कामों में खर्च किया. यह पैसा चंदे के रूप में इस्तेमाल किया गया. यह तो मेरे लिए अच्छी बात होनी चाहिए. पर पता नहीं ऐसा क्यों कहा जा रहा है कि इसमें मैंने भ्रष्टाचार किया.
उन्होंने कहा कि जो पैसे मैंने बचाए उसे मैंने दूसरी संस्थाओं के लिए खर्च किया है. इसमें मैंने क्या गलत किया. किरण बेदी ने कहा कि जब मुझे बिजनेस क्लास का टिकट दिया जाता है तो मुझसे यह नहीं कहा जाता कि आप बिजनेस क्लास से सफर करेंगी तो ही आप आ सकती हैं. संस्थाओं को इस बात का पता होता है तो यह धोखा कैसे हो सकता है.
क्या है मामला ? अखबार ने लिखा है कि टीम अन्ना की मुखर सदस्य किरण बेदी को भी कुछ स्पष्टीकरण देने की आवश्यकता है. मुद्दा है – संस्थाओं एवं गैर सरकारी संगठनों से सेमिनार व बैठकों में दिए जाने वाले निमंत्रण पर बढ़ा हुआ किराया लिया जाना.
अखबार ने यह दावा किया है कि बिल, चालान एवं चेक की कापी के रिकार्ड से यह साफ होता है कि किरण बेदी वीरता पुरस्कार विजेता होने की वजह से एयर इंडिया के टिकट में छूट पाने की हकदार हैं. पर उन्होंने आयोजक संस्थाओं से छूट के बाद मिलने वाले बिल के बजाए पूरा किराया वसूल किया. अखबार ने लिखा है कि कई बार बेदी ने इकॉनामी क्लास में सफर करने के बावजूद बिजनेस क्लास का किराया वसूला.
अखबार ने इस मामले में 12 रिकार्ड को उदाहरण के रूप में भी पेश किया है. इनमें से कुछ वर्ष 2006 से संबंधित है जब किरण बेदी आईपीएस अफसर के रूप में अपनी सेवा दे रही थीं. अखबार के पास बेदी की हाल में 29 सितंबर में की गई उनकी यात्रा से संबंधित रिकार्ड भी मौजूद हैं.
अखबार के मुताबिक किरण बेदी की इन यात्राओं के लिए किराए की रकम इंडिया विजन फॉउडेशन के नाम पर भुगतान की गई है जिसकी मुखिया किरण बेदी हैं. बेदी के चार्टेड अकाउंटेंट सुरेश व्यास ने अखबार को दिए एक बयान में कहा है कि जिसे ‘असंतुलन’ के तौर पर देखा जा रहा है दरअसल वह ‘बचत’ है जिसे किरण बेदी ने भुगतान किए गए रकम से कम भुगतान कर बचाया है

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें